Jhansi News: झांसी नगर निगम में संचारी रोग (communicable diseases) को लेकर एक बैठक का आयोजन होना था। बैठक की सूचना मैसेज के जरिए शनिवार की सुबह पार्षदों तक पहुंची। सूचना पाकर नगर निगम के पार्षद बैठक में उपस्थित हो गए। लेकिन मेयर बिहारी लाल आर्य ढाई घंटे तक बैठक में नहीं आए। जिसके चलते पार्षदों ने बैठक का बहिष्कार कर दिया। वहीं, महिला पार्षदों ने अनदेखी और सुनवाई न होने के आरोप लगाए।
बच्चों के टीकाकरण पर होनी थी चर्चा
महानगर में इस समय डेंगू का प्रकोप बढ़ रहा है तो अन्य मौसमी बीमारियां भी पैर फैलाने लगी हैं। इनकी रोकथाम के लिए विशेष संचारी रोग नियन्त्रण अभियान चलाया जाना है। इसके लिए नगर निगम में शनिवार की दोपहर 12 बजे बैठक बुलाई गई थी। इसमें 5 वर्ष तक के बच्चों का टीकाकरण अभियान व आयुष्मान कार्ड बनवाने पर चर्चा की जानी थी।
दूसरे कार्यक्रम में व्यस्त थे महापौर
बैठक महापौर बिहारी लाल आर्य की अध्यक्षता में होनी थी, जबकि विभागीय अधिकारियों को भी शामिल होना था। अधिकांश पार्षद दोपहर 12 बजे नगर निगम सभागार में पहुंच गए और महापौर व अधिकारियों का इन्तजार करने लगे। कुछ देर बाद एक कर्मचारी ने संचारी रोग की रोकथाम पर जानकारी देना शुरू कर दिया, जिससे पार्षद भड़क गए। ढाई घंटे का इन्तजार करने के बाद पार्षदों ने बैठक का बहिष्कार कर दिया। इसके बाद तो महिला पार्षदों ने जमकर भड़ास निकाली। इधर, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. धीरेन्द्र गुप्ता ने कहा कि विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान की बैठक आज 12 बजे नगर निगम सभागार में होनी थी। महापौर व अपर नगर आयुक्त को भी शुक्रवार को ही सूचना दी गई थी। अपर नगर आयुक्त का स्वास्थ्य खराब होने के कारण वह अवकाश पर चले गए, जबकि महापौर किसी कार्यक्रम में व्यस्त होने के कारण नहीं आ सके।